BHRAMAR KA DARD AUR DARPAN

Friday, January 20, 2023

मौनी अमावस्या


देर अचानक रात्रि दौड़ के
बदरा घिर घिर आए 
शांत स्निग्ध गंगा पावन जल
अमृत घट बूंदे बरसाए।





गंगा की लहरें उठ धायीं
नमन करे उठ जागे लोग
हलचल मेला में थी भारी
मौन ध्यान रत सारे लोग

सजी धजी गंगा की घाटी
देश विदेश से जुटे हैं लोग
भर आस्था विश्वास से भारी
पुण्य कमाने आए लोग

मौन हुए मौनी अमावस्या
डुबकी लोग लगाएं
जन्म जन्म के भव बन्धन से
तर के प्रभु को पाएं।

स्नान दान कर हुए प्रफुल्लित
खुशियां जग फैलाएं
खुशी हुए परिवेश में 
जाके, धारा विकास की लाएं।

रोग दोष ईर्ष्या विद्वेष से
मुक्त , भजन सब गाते
गंगा सा पावन मन लेकर
भारत का परचम लहराते।

निर्मल पावन लहर सुनहरी
सूर्य देव जब निकलें
जय जय जय जय के
नारों से गूंजे प्रयाग की नगरी।

मथुरा काशी और अयोध्या
नगरी नगरी जन मन आए
कर शाही स्नान मोक्ष के
द्वार पे जाके विष्णु पाए।


धर्म धुरंधर योगी जोगी
संत साधु मुनि ज्ञानी
निज आंखो में भर लो आओ
छवि भारत की अमिट कहानी।

सुरेन्द्र कुमार शुक्ल भ्रमर5
प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश 
भारत।
21.01.2023



दे ऐसा आशीष मुझे माँ आँखों का तारा बन जाऊं

Saturday, January 14, 2023

मकर संक्रान्ति


  मकर संक्रांति की ढेर सारी हार्दिक शुभकामनाएं आप सभी मित्र मंडली को, जय जय श्री राधे।
****
समरसता जन पर्व मकर संक्रान्ति
भरती जन जन में अनुपम कान्ति
उल्लास माघ गंगा पावन जल
प्रमुदित दौड़े ले सब दल बल।
***
बाल वृद्ध नारी फूले मन
फूली सरसों पीली चूनर रंग
धरती नभ बादल ओस सुहावन
घना कुहासा अति मन भावन।
****
लादे गठरी चल रहे कोस भर
पैदल भीड़ गरीब किसान 
रोगी जोगी राजा महान
खिचड़ी में लेने पुण्य स्नान।
***
रंग बिरंगे सतरंगी परिधान
नथिया झुलनी टीका लटकन
कंगना चूड़ी मुंदरी झांझन
बिछिया पायल करधनी पहन
****
चमक कैमरे की हर ओर
कैद करें छवि वो चितचोर
भजन कीर्तन योगी जोगी
पुण्य को दृढ़ आज हत भोगी।
*****
संगम है भारत का संगम
हर दिशा क्षेत्र के सब जनगण
जुट गए भरेंगे पुण्यार्जन
स्नान दान तिल गुड़ मिठास।
****
चूड़ा दही औ लेंडुआ तिलकुट
गचक पापड़ी खाते मिल 
जुट
मूंगफली मेवा मिष्ठान
अद्भुत छवि भारत महान।
****
कहीं उड़ी खूब तो कटी कहीं हैं
धूल धूसरित दबी पड़ी है
छवि धूमिल कुछ संवर चली हैं
जीवन पतंग की डोर कहीं है।
****
घर घर तिल की बनी मिठाई
सोंधी गुड़ की खुश्बू आई
कहीं लोहड़ी पोंगल खिचड़ी
जोड़ दिलों को जाती खिचड़ी ।
******
सुरेन्द्र कुमार शुक्ल भ्रमर 5
उत्तर प्रदेश
भारत।




दे ऐसा आशीष मुझे माँ आँखों का तारा बन जाऊं